एडीपीओ के हाथ से बाइक सवार लुटेरे ने मोबाइल छीना

एडीपीओ के हाथ से बाइक सवार लुटेरे ने मोबाइल छीना
-पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी
भोपाल, यशभारत। हबीबगंज इलाके में कल रात जबलपुर के एडीपीओ के हाथ से बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल छीन लिया। वारदात के वक्त वह होटल के बाहर खड़े होकर कैब बुक कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बाइक सवार बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक सत्यमेव जयते , अम्बेडकर चौक घमापुरा जबलपुर निवासी सिचन कंसाना पुत्र सुरेन्द्र(26) जबलपुर जिला कोर्ट में एडीपीओ हैं। वह काम के सिलसिले में भोपाल आए हुए थे। कल रात करीब साढ़े नौ बजे वह रानीकमलापति रेलवे स्टेशन के पास होटल शुभ-इन के सामने खड़े होकर मोबाइल से कैब बुक कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाश उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटा और फरार हो गए। इस दौरान फरियादी ने बाइक सवार बदमाश को पीछा किया, लेकिन आरोपी तेजी से बाइक दौड़ाकर भाग निकला। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस होटल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।







