भोपाल की जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, कैंपस में मचा हड़कंप
भोपाल की जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, कैंपस में मचा हड़कंप

भोपाल की जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, कैंपस में मचा हड़कंप
– मेल में 21 बम होने का दावा, दोपहर 1:30 बजे सीरियल ब्लास्ट की चेतावनी
– पुलिस ने शुरू किया सघन सर्च ऑपरेशन
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल स्थित जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार सुबह पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। यूनिवर्सिटी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए एक धमकी भरे मेल में दावा किया गया है कि कॉलेज परिसर में करीब 21 बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:30 बजे सीरियल ब्लास्ट के रूप में फटेंगे।
धमकी भरा यह मेल सुबह करीब 10 बजे प्राप्त हुआ, जिसमें इस्लामी समय के अनुसार जौहर की नमाज के बाद धमाकों की बात लिखी गई थी। जैसे ही यह सूचना सामने आई, यूनिवर्सिटी प्रबंधन और प्रशासन हरकत में आ गया। तत्काल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने एहतियातन यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े जेके अस्पताल की दोनों बिल्डिंगों को खाली करवा लिया। स्टाफ और मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे परिसर को सील कर दिया गया है। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और विशेषज्ञ टीमों द्वारा चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक मिली इस धमकी से कर्मचारी और मरीजों के परिजन भी दहशत में नजर आए। कई लोग घबराहट में परिसर से बाहर निकलते देखे गए, वहीं पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरी सतर्कता बरती जा रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भोपाल में पीपल्स यूनिवर्सिटी, नापतौल कार्यालय और एम्स अस्पताल को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हालांकि उन मामलों में कोई विस्फोटक नहीं मिला था, लेकिन अब तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती बनी हुई है।
प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शहर के प्रमुख संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।






