भोपाल रेल मंडल ने जारी किए 1414 ऑनलाइन दिव्यांग रियायत कार्ड, अब घर बैठे मिल रही सुविधा

भोपाल रेल मंडल ने जारी किए 1414 ऑनलाइन दिव्यांग रियायत कार्ड, अब घर बैठे मिल रही सुविधा
भोपाल, यश भारत। शारीरिक रूप से दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और उनकी रेल यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से भोपाल रेल मंडल द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-2026 में अब तक कुल 1414 दिव्यांग रेलवे रियायत कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
रेलवे द्वारा रियायत कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा प्रदान की गई है ताकि दिव्यांगजनों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें। हालांकि, रेलवे प्रशासन का मानना है कि जानकारी के अभाव में कई दिव्यांग इस ऑनलाइन सुविधा का पूरी तरह लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। साथ ही, आवेदन के दौरान होने वाली छोटी गलतियां जैसे निर्धारित प्रक्रिया का पालन न करना, गलत या अपूर्ण जानकारी देना और सही दस्तावेज संलग्न न करना, आवेदन के निरस्त होने का मुख्य कारण बन रहे हैं।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि इन कार्डों के माध्यम से दिव्यांग यात्रियों को न केवल किराये में छूट मिलती है, बल्कि उन्हें नियमानुसार अपने साथ एक सहायक (अटेंडेंट) ले जाने की अनुमति भी प्राप्त होती है। भोपाल रेल मंडल का प्रयास है कि सरकार द्वारा दी जा रही इन रियायतों का लाभ अधिक से अधिक पात्र यात्रियों तक पहुंचे।
ऐसे करें आवेदन
दिव्यांग रियायत कार्ड बनवाने के इच्छुक आवेदक आधिकारिक वेबसाइट https://divyangjanid.indianrail.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित (Self-attested) प्रतियां पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। दिव्यांग सेल प्रभारी ज्योति तिवारी एवं कर्मचारी आकाश मीना द्वारा दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन (वेरिफिकेशन) के बाद कार्ड जारी किया जाता है। कार्ड जारी होने की सूचना आवेदक को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से दी जाती है। प्रशासन ने अपील की है कि आवेदन करते समय दस्तावेजों और जानकारी की सटीकता का विशेष ध्यान रखें ताकि आवेदन अस्वीकृत न हो।







