भोपालमध्य प्रदेश

​भोपाल पुलिस का बड़ा एक्शन: हर थाने के टॉप 30 गुंडों की सूची तैयार

​भोपाल पुलिस का बड़ा एक्शन: हर थाने के टॉप 30 गुंडों की सूची तैयार

1050 अपराधियों की अब खैर नहीं

भोपाल, यशभारत। राजधानी में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने एक ठोस रणनीति तैयार की है। शहर के 35 थानों में सक्रिय कुल 1050 बदमाशों को चिह्नित कर उनकी कौमियत के आधार पर टॉप-30 की लिस्ट बनाई गई है। इन अपराधियों की निगरानी के लिए पुलिस ने उन्हें अति सक्रिय, सक्रिय और सामान्य जैसी तीन श्रेणियों में विभाजित किया है।

​थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इस अभियान की कमान सीधे थाना प्रभारियों को सौंपी है। सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि सूची में शामिल कोई भी बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देता है, तो इसके लिए सीधे तौर पर थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

​अपराधियों के वर्गीकरण का आधार

पुलिस ने इस बार केवल रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि अपराधियों के व्यवहार को भी आधार बनाया है:

​अति सक्रिय: इसमें वे हार्डकोर क्रिमिनल हैं जो गैंग बनाकर लूट और रंगदारी करते हैं और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाते हैं।

​सक्रिय: ये वे बदमाश हैं जो अड़ीबाजी और मारपीट की घटनाओं में लगातार लिप्त रहते हैं।

​उम्र और नशा: पुलिस ने 25-28 साल के युवाओं और नशे की हालत में अपराध करने वालों को सबसे ज्यादा घातक माना है। इन्हें बुजुर्ग अपराधियों की तुलना में लिस्ट में ऊपर रखा गया है ताकि उनकी ऊर्जा पर लगाम कसी जा सके।
​इन इलाकों में सबसे ज्यादा चुनौती

आंकड़ों के मुताबिक, निशातपुरा, अशोका गार्डन और ऐशबाग जैसे थाना क्षेत्रों में अपराधियों की संख्या सबसे अधिक है, जहाँ 50-50 बदमाशों की सूची तैयार की गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें अब इन बदमाशों के उठने-बैठने के ठिकानों और उनकी सोशल मीडिया एक्टिविटी पर 24 घंटे नजर रखेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button