त्योहारों से पहले भोपाल पुलिस ने जनसंवाद कर दिए सुरक्षा के टिप्स

त्योहारों से पहले भोपाल पुलिस ने जनसंवाद कर दिए सुरक्षा के टिप्स
सड़कों पर नाकाबंदी कर संदिग्धों की सघन चेकिंग
भोपाल, यशभारत। आगामी त्योहारों के दौरान राजधानी में शांति, सौहार्द और अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के कड़े रुख और मार्गदर्शन के बाद शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ मोर्चा संभाला। एक तरफ जहां पुलिस अफसरों ने जनता के बीच पहुंचकर संवाद कायम किया, वहीं दूसरी तरफ सड़कों पर भारी पुलिस बल उतारकर अपराधियों और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया है।
चार कड़ियों पर केंद्रित रहा पुलिस का जनसंवाद
कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आज सभी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों के साथ सीधे ‘जन संवाद’ किया। इस दौरान पुलिस ने आम जन को जागरूक करने के लिए चार प्रमुख बिंदुओं पर विशेष सुझाव दिए।
पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की मुस्तैदी और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया। वहीं डिजिटल दौर में बढ़ रही ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और वित्तीय ठगी से बचने के लिए साइबर सुरक्षा की बारीकियां साझा की गईं। इसके साथ ही त्योहारों के सीजन में सड़कों पर लगने वाले जाम और हादसों को रोकने के लिए यातायात जागरूकता और युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाने के लिए नशा मुक्ति अभियान के तहत नागरिकों से सहयोग मांगा गया।
सड़कों पर नाकाबंदी, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच
अपराधों पर पूरी तरह नियंत्रण लगाने के लिए जनसंवाद के साथ-साथ पुलिस ने धरातल पर भी कड़ा पहरा लगा दिया है। शहर के सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स, संवेदनशील इलाकों और व्यस्त चौराहों पर मजबूत नाकाबंदी की गई है। पुलिस की विशेष टीमें हर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की बारीकी से तलाशी ले रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान खलल डालने वाले या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था में जनता से सहयोग की अपील
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। यदि आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।







