भोपालमध्य प्रदेश

चारधाम यात्रा और ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों से रहें सावधान

चारधाम यात्रा और ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों से रहें सावधान

भोपाल क्राइम ब्रांच ने जारी की एडवाइजरी

भोपाल, यशभारत। चारधाम यात्रा, हेलीकॉप्टर बुकिंग, होटल और टूर पैकेज के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधी सर्किय है। जिसको लेकर भोपाल पुलिस ने एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन, व्हाट्सऐप नंबर और नकली कस्टमर केयर के माध्यम से लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। सुरक्षित यात्रा के लिए पुलिस ने नागरिकों से विशेष सावधानियां बरतने की अपील की है।

क्राइम ब्रांच ने नागरिकों को सलाह दी है कि चारधाम यात्रा और हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एजेंसी से ही करें। किसी भी वेबसाइट पर बुकिंग करने से पहले उसका यूआरएल अवश्य जांच लें। बुकिंग और भुगतान से पहले संबंधित होटल या टूर एजेंसी की सत्यता और उसके ऑनलाइन रिव्यू की अच्छी तरह पड़ताल कर लें तथा सभी भुगतानों की रसीद और स्क्रीनशॉट अपने पास सुरक्षित रखें। विशेष रूप से ध्यान रखें कि चारधाम यात्रा हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग किया जाना चाहिए।

इसके साथ ही पुलिस ने कुछ गलतियों से बचने की सख्त हिदायत दी है। सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले आकर्षक और सस्ते ऑफरवाले विज्ञापनों पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी के कहने पर क्यूआर कोड स्कैन करके भुगतान न करें और न ही रिफंड स्वीकार करने के लिए कोई कोड स्कैन करें, क्योंकि ऐसा करने पर पैसा वापस आने के बजाय खाते से कट सकता है। इसके अलावा गूगल सर्च पर मिलने वाले किसी भी कस्टमर केयर नंबर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, क्योंकि ये फर्जी हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button