भोपाल

गोविंदपुरा से लेकर रायसेन रोड तक लगाए बैरीकेट्स – मेट्रो प्रोजेक्ट का काम ठप्प, हर एक किमी पर लग रहा जाम

गोविंदपुरा से लेकर रायसेन रोड तक लगाए बैरीकेट्स
– मेट्रो प्रोजेक्ट का काम ठप्प, हर एक किमी पर लग रहा जाम
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल परियोजना के तहत तेजी से काम करने का दावा किया जा रहा है। परियोजना से जुड़े अधिकारी तय समय सीमा में काम पूरा करने में जुटे हुए हैं। मेट्रो ट्रेन की गति मापने के लिए टेस्टिंग भी सफल हो रही है। वहीं काम की धीमी गति लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत कई जगह काम किए जा रहे हैं, लेकिन अधिकांश जगहों पर काम या तो पूरा नहीं हो सका है या फिर बंद हो चुका है।
यशभारत टीम ने गोविंदपुरा से लेकर रायसेन रोड तक जायजा लिया तो हैरान करने वाले नजारे सामने आए। हर एक किमी पर जाम की स्थिति बन रही थी। परेशान वाहन चालकों को निकलने की जगह भी नहीं थी, दरअसल मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत कई जगहों पर बड़े बड़े टीन के शेड लगाए गए हैं। रोड के दोनों ओर का हिस्सा कवर किया गया है। वाहन चालकों को निकले की जगह ही नहीं है।
कहां क्या है स्थिति
बीएचईएल से गोविंदपुरा मार्ग – दूरी 2 किमी
मेट्रेा रेल परियोजना के तहत पिल्लर खड़े किए जाने थे, लेकिन यहां पर काम बंद हो चुका है। कई जगहों पर टीन शेड भी आधे खुले हुए हैं। बड़ी बड़ी मशीने भी रोड किनारे खड़ी हुई हैं। मार्ग सकरा होने के कारण निकलने की स्थिति ही नहीं है।
इंद्रपुरी से पिपलानी – दूरी 2.5 किमी
इंद्रपुरी से पिपलानी की दूरी 2.5 किमी है, लेकिन इस मार्ग को पार करने के लिए आधे घंटे से भी अधिक का समय लग गया। मेट्रो रेल प्रबंधन ने यहां पर कार्य प्रगति का बोर्ड भी लगा रखा है, लेकिन हकीकत यह है कि यहां पर काम कई माह से बंद पड़ा है।
आनंदनगर से रायसेन रोड – दूरी 2 किमी
आनंद नगर से रायसेन रोड की दूरी करीब 2 किमी है। आनंद नगर में यातायात का दबाव इतना अधिक है कि पैदल चलना भी दूभर है। दो पहिया और चार पहिया वाहनों के निकलने के लिए जगह काफी कम है। स्थिति यह है कि यहां तक का समय तय करने आधे घंटे लग रहे हैं।
ऑडिट कराने का किया जा रहा दावा
मेट्रो रेल प्रबंधन के आला अधिकारियों का कहना है कि शहर में चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट के दौरान रास्ते बंद या संकरे हो जाने से लोगों को होने वाली परेशानियों और प्रोजेक्ट के कारण पडऩे वाले प्रभाव का ऑडिट कराया जाएगा। इस रूट के आसपास की बस्तियों और वहां से नियमित गुजरने वाले लोगों से उनकी परेशानी पूछी जाएगी। उनका हल भी तलाशा जाएगा।
जाम की समस्या बढ़ी
भोपाल मेट्रो का काम अधूरा होने के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ों पर बेरिकेड्स लगने से रास्ते संकरे हो गए हैं, जिससे जाम की समस्या बढ़ गई है। इसके अलावा, अधूरे काम के कारण कीचड़, गड्ढे और जलभराव की स्थिति भी बन रही है, जिससे परेशानी हो रही है। मेट्रो का काम कर रही कंपनी ने सडक़ों के बीचों-बीच बेरिकेड्स लगाए हैं, जिससे सडक़ों की चौड़ाई कम हो गई है। बारिश के मौसम में कीचड़, गड्ढे और जलभराव होने से स्थिति और भी खराब हो रही है।
अभी यह काम किया जाना है
परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो रेल की गति मापने के लिए लगातार टेस्टिंग की जा रही है। 90 किमी की गति का माप सफल रहा है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर मानक स्तर पर व्यवस्था की जा रही है। सितंबर माह तक मेट्रो ट्रेन पटरियों पर दौड़ती नजर आ सकती है। फिलहाल काम की सीढिय़ों पर एक्सीलेटर स्थापित करने का काम कई जगहों पर अधूरा है। इसके अलावा निर्माण सामग्री भी कई जगहों पर बिखरी पड़ी हुई। ट्रेन स्टेशनों पर भी कई कार्य निर्माणाधीन हैं।
समाधान कराया जाएगा
मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की जाएगी, लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर, भोपाल
कार्य प्रगति पर है
मेट्रो ट्रेन का सफल परीक्षण किया जा रहा है, जिन जगह पर काम अधूरा है वहां पर काम जल्द ही पूरा कराया जाएगा।
हिमांशु गौरव, जनसंपर्क अधिकारी, मेट्रो रेल परियोजना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button