जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

बरगी डैम क्रूज हादसा: 4 साल के विराज सोनी का शव मिला, मृतकों की संख्या 10 पहुंची, 3 अब भी लापता

जबलपुर, यश भारत।

बरगी डैम क्रूज हादसा: 4 साल के विराज सोनी का शव मिला, मृतकों की संख्या 10 पहुंची, 3 अब भी लापता

जबलपुर, यश भारत। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में शनिवार शाम करीब 6 बजे गोताखोरों ने दसवां शव पानी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र निवासी 4 वर्षीय विराज सोनी के रूप में हुई है। हादसे में विराज की मां नीतू सोनी की भी एक दिन पहले मौत हो चुकी थी। मां-बेटे की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बरामद शव एक बच्चे का था, जिसकी तलाश पिछले कई घंटों से लगातार की जा रही थी। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। वहीं दो बच्चों समेत अब भी 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
शनिवार सुबह से सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। गोताखोर बोट के माध्यम से डैम के गहरे हिस्सों में तलाश कर रहे हैं। हालांकि दोपहर बाद अचानक मौसम खराब होने से रेस्क्यू अभियान प्रभावित हो गया। तेज आंधी और हवाओं के कारण डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे सुरक्षा कारणों से कई बार सर्चिंग रोकनी पड़ी।

WhatsApp Image 2026 05 02 at 18.41.49
मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मौजूद हैं। एसडीओपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद लापता लोगों की तलाश पूरी गंभीरता से जारी है और सर्चिंग का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
गौरतलब है कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे एमपी टूरिज्म का पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी डैम में अचानक पलटकर डूब गया था। क्रूज में करीब 47 पर्यटक सवार थे, जबकि टिकट केवल 29 लोगों की ही कटी थी। हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ था। उस समय तेज आंधी चल रही थी और हवा की रफ्तार करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। हादसे के बाद से पूरे प्रदेश में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button