भोपालमध्य प्रदेश

सितंबर में 8 दिन प्रभावित रहेगा बैंकिंग कामकाज: 40 हजार कर्मचारी हड़ताल पर, 5-डे बैंकिंग वीक की मांग

सितंबर में 8 दिन प्रभावित रहेगा बैंकिंग कामकाज: 40 हजार कर्मचारी हड़ताल पर, 5-डे बैंकिंग वीक की मांग

भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश में इस महीने बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होने वाली हैं। प्रदेश के लगभग 40 हजार बैंक कर्मियों के हड़ताल पर जाने और शनिवार-रविवार की छुट्टियों के चलते कुल 8 दिन बैंकों में कामकाज ठप रहेगा। इससे राज्य की करीब 7 हजार बैंक शाखाओं में सेवाएं प्रभावित होंगी, जिससे आम जनता को कैश जमा, निकासी, चेक क्लियरेंस, केवाईसी और लॉकर जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

बैंकिंग सेवाओं में यह रुकावट दो चरणों में देखने को मिलेगी। पहला असर 11 सितंबर को बैंककर्मियों की हड़ताल से शुरू होगा, जिसके बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। इसके बाद दूसरे चरण में 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियों के बाद 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल रहेगी।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने इस आंदोलन का आह्वान किया है। बैंककर्मियों की दो मुख्य मांगें हैं पहली, बैंकों में 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना, जिसके एवज में कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने को तैयार हैं। दूसरी मांग स्केल-वीआई और उससे ऊपर के अधिकारियों पर लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव योजना को वापस लेने की है।

हालांकि, बैंक यूनियनों और सरकार व बैंक प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है। यदि इस वार्ता में मांगों पर कोई सकारात्मक सहमति नहीं बनती है, तो तय शेड्यूल के अनुसार हड़ताल और प्रदर्शन जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button