
जबलपुर यश भारत.गोसलपुर में बीती रात लगभग 2 बजे एक सनसनीखेज घटना हुई, जहां 6 से 7 हथियारबंद चोर एसबीआई बैंक की एटीएम मशीन को काटकर मशीन सहित ले जाने की कोशिश कर रहे थे। यह एटीएम मशीन गोसलपुर बस स्टैंड स्थित पाठशाला परिसर में लगी हुई है। चोर गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर वाहन में लोड कर रहे थे, तभी आसपास के लोगों ने संदिग्ध गतिविधि देख ली।स्थानीय लोगों की जागरूकता से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जैसे ही कुछ निवासी छतों पर आए और ऊपर से पत्थर फेंकना शुरू किया, चोरों ने डराने के लिए धमकी देते हुए कहा कि “कोई नीचे आया तो जान से मार देंगे”, साथ ही हथियार भी लहराए। भय का माहौल बनाकर चोर एटीएम मशीन को उठाने का प्रयास करते रहे, लेकिन मशीन भारी होने के कारण उसे पूरी तरह ले जा नहीं सके।इसी बीच क्षेत्रवासियों ने बिना हल्ला मचाए गुपचुप तरीके से पुलिस को सूचना दे दी। लगभग आधे घंटे में गोसलपुर सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस की घेराबंदी देखते ही चोर अंधेरे का फायदा उठाकर अपने वाहन सहित भाग खड़े हुए। इस घटनाक्रम में एटीएम मशीन को नुकसान पहुँचा है, लेकिन नकदी चोरी होने से बच गई।घटना स्थल पर मौजूद कुछ निवासियों ने पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया, जिसमें चोरों की हरकतें साफ दिखाई देती हैं। वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल होने लगा है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की संभावना है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। क्षेत्रवासियों की सूझबूझ और त्वरित सूचना से एक बड़ी लूट होने से टल गई, अन्यथा चोर पूरी एटीएम मशीन को लेकर फरार होने में सफल हो जाते।







