शराब दुकान पर तालाबंदी का प्रयास, पुलिस ने रोका; गोरा बाजार संघर्ष समिति ने उठाई दुकान बंद करने की मांग
शराब दुकान नियमों के विरुद्ध संचालित

जबलपुर, यश भारत। गोरा बाजार चौराहे पर संचालित शराब दुकान के विरोध में रविवार को गोरा बाजार संघर्ष समिति और क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन करते हुए दुकान पर तालाबंदी करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण रही। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संबंधित शराब दुकान नियमों के विरुद्ध संचालित की जा रही है। उनका आरोप है कि दुकान मंदिर और मस्जिद के 100 मीटर के दायरे में स्थित है तथा इसके समीप दो हायर सेकेंडरी स्कूल हैं। समिति ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान जिस भवन में संचालित हो रही है, वह अतिक्रमण की भूमि पर बना है और छावनी क्षेत्र में शराब दुकान संचालन के लिए आवश्यक अनुमति भी नहीं ली गई है।
संघर्ष समिति का कहना है कि गोरा बाजार चौराहा आसपास के करीब 10 गांवों के लोगों के आवागमन का मुख्य मार्ग है। शराब दुकान के कारण महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। दुकान पर पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से यातायात भी प्रभावित होता है।
प्रदर्शन के दौरान समिति ने प्रशासन से शराब दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी और तालाबंदी नहीं होने दी। संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







