रिहा होते ही करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले नहीं करेंगे समझौता

रिहा होते ही करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले नहीं करेंगे समझौता
– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भोपाल यशभारत। हरदा में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर सहित चार लोगों को एसडीएम कुमार शानू देवडिय़ा की मौजूदगी में सोमवार सुबह रिहा कर दिया गया। रिहा होने के कुछ ही देर बाद शेरपुर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर कहा है कि किसी भी शर्त पर समझौता नहीं करेंगे। जबकि उन्हें इस शर्त पर रिहा किया गया है कि हरदा में किसी भी तरह के आंदोलन में शामिल नहीं होंगे। वहीं राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा है कि हरदा आ रहा हूं, प्रशासन की तानाशाही के खिलाफ हूं। जीवन सिंह अकेला नहीं है। महिपाल सिंह मकराना का बयान सामने आन के बाद अब माहौल और भी गर्माने की संभावना नजर आ रही है। सोमवार को एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हरदा में चप्पे चप्पे पर पुलिस नजर रख रही है। सोशल मीडिया की पोस्ट पर नजर रखने के लिए साइबर एक्सपर्ट की टीम तैनात की गई है। रविवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया था। इसके बाद कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। हरदा में हुए घटनाक्रम के बाद भेपाल, रतलाम सहित अन्य जगहों पर चक्काजाम व प्रदर्शन किया गया।
हरदा में इस तरह शुरू हुआ बवाल
हरदा में शनिवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने धारा 420 के एक आरोपी को कोर्ट में पेश करने के दौरान पुलिस से आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की। मामला 18 लाख रुपये के नकली हीरे की बिक्री से जुड़ा है, जिसमें आशीष राजपूत नामक व्यक्ति ने कोतवाली थाने में धोखाधड़ी की शिकायत करवाई थी। पुलिस ने इंदौर से आरोपी मोहित वर्मा को गिरफ्तार कर हरदा लाया था। करणीसेना के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस आरोपी को संरक्षण दे रही है और उसे छोडऩे के लिए पैसे ले रही है। उनका दावा है कि विवेचना अधिकारी ने 2.80 लाख रुपये में समझौता करने की कोशिश की। जब पुलिस ने आरोपी को उनके हवाले नहीं किया, तो कार्यकर्ताओं ने थाने और कोर्ट के बाहर हंगामा किया, चक्काजाम किया, और पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी की। स्थिति बिगडऩे पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का प्रयोग किया। करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत सहित करीब 50 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
राजनैतिक माहौल गर्माया
करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को लेकर राजनैतिक माहौल गर्मा गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूरे बवाल को लेकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा के ही विधायक चिंतामणि मालवीय ने पुलिस की कार्रवाई को दुखद और टालने योग्य बताया है। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जिस तरह से धरातल पर विकास कार्य कर रही है, उसे जनता और समाज का पूर्ण समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाज अब जागरूक है और किसी भी राजनीतिक बहकावे या अफवाहों में आने वाला नहीं है। मंत्री राजपूत ने कहा कि कांग्रेस के वे नेता जो वर्षों तक समाज को गुमराह करते रहे हैं, आज उनके षड्यंत्र और झूठ बेनकाब हो चुके हैं। समाज अब इन साजिशों का हिस्सा नहीं बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समाज के युवाओं की कोई मांग है, तो सरकार उनसे संवाद भी करेगी और समाधान भी देगी।
हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर बोला हमला
दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक्स पर ट्वीट करते हुए इस पूरे मामले की जिम्मेदारी कांग्रेस पर डालते हुए कहा कि कांग्रेस अब सामाजिक वैमनस्य फैलाकर अपनी डूबती राजनीति को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जानबूझकर एक सामान्य विवाद को सामाजिक और सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया।
हमारी लड़ाई न्यायिक और लोकतांत्रिक है, हम कभी समझौता नहीं करेंगे। सरकारी और प्राइवेंट संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।
– जीवन सिंह शेरपुर, अध्यक्ष करणी सेना परिवार
व्यक्ति मामले में किसी संगठन को जोड़ा जाना गलत है, कानून व्यवस्था बनाने के लिए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया है।
– अभिनव चौकसे, एसपी, हरदा







