अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में संशोधन, अब 28 मई तक होगा सत्यापन कार्य

अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में संशोधन, अब 28 मई तक होगा सत्यापन कार्य
भोपाल यश भारत। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षक आमंत्रण प्रक्रिया में आंशिक संशोधन करते हुए नई समय सारिणी जारी की है। संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व से पंजीकृत आवेदकों को एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर प्रोफाइल अपडेट, दस्तावेज अपलोड और आवश्यक संशोधन की सुविधा 12 मई से 22 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। संचालक लोक शिक्षण के.के. द्विवेदी द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि अतिथि शिक्षक पोर्टल 2.0 पर उपलब्ध डाटा को पोर्टल 3.0 पर मर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इसी कारण अनुभव पैनल की जानकारी, डबल आईडी मर्ज रिक्वेस्ट और सत्यापन से संबंधित कार्यवाही की तिथियों में बदलाव किया गया है। अब अनुभव संबंधी जानकारी और सत्यापन की प्रक्रिया 22 मई से 28 मई 2026 तक संचालित की जाएगी। इससे पहले यह कार्यवाही 12 मई से 22 मई तक प्रस्तावित थी। संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि इसके अतिरिक्त अन्य सभी निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे।
इस संबंध में प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्राचार्यों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।







