छात्रावास रिनोवेशन में करोड़ों के घोटाले का आरोप, कांग्रेस ने किया पी डब्लू डी का घेराव प्रमुख अभियंता को सौंपे दस्तावेज,15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

छात्रावास रिनोवेशन में करोड़ों के घोटाले का आरोप, कांग्रेस ने किया पी डब्लू डी का घेराव
प्रमुख अभियंता को सौंपे दस्तावेज,15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। प्रदेश के विभिन्न जिलों में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए गए छात्रावासों के रिनोवेशन कार्यों में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले और अनियमितताओं को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में लोक निर्माण विभाग का घेराव किया। आंदोलन का नेतृत्व भोपाल कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप मोनू सक्सेना ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रावासों के मरम्मत एवं रिनोवेशन कार्यों के नाम पर सरकारी धन का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया है। उनका कहना था कि कागजों में भारी राशि खर्च दर्शाई गई जबकि वास्तविकता में कई स्थानों पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया अधूरे कार्य किए गए और फर्जी बिलों के माध्यम से भुगतान निकालकर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत के साथ भुगतान संबंधी रिकॉर्ड कार्य आदेशों की प्रतियां फोटोग्राफ तथा स्थल निरीक्षण रिपोर्ट जैसे दस्तावेज भी प्रस्तुत किए और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि छात्रावास रिनोवेशन कार्यों की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्रों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थल सत्यापन समिति गठित करने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर जांच शुरू कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन छेड़ेगी और इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी।






