मप्र में प्रशासनिक फेरबदल: संजय शुक्ला को गृह और शिवशेखर शुक्ला को सामान्य प्रशासन की कमान, अरविंद दुबे को जनसंपर्क का प्रभार

मप्र में प्रशासनिक फेरबदल: संजय शुक्ला को गृह और शिवशेखर शुक्ला को सामान्य प्रशासन की कमान, अरविंद दुबे को जनसंपर्क का प्रभार
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार रात प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के अत्यंत महत्वपूर्ण गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग के शीर्ष नेतृत्व में परिवर्तन किया गया है।
संजय शुक्ला होंगे नए गृह सचिव
वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार शुक्ला को अब मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके पास गृह विभाग के साथ-साथ विमानन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
शिवशेखर शुक्ला को सामान्य प्रशासन और चयन मंडल की जिम्मेदारी
अब तक गृह विभाग का कार्यभार देख रहे शिवशेखर शुक्ला को सामान्य प्रशासन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही वे संस्कृति, धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव का दायित्व भी निभाएंगे। उन्हें कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वे मानवाधिकार प्रकोष्ठ, विधिक एवं सतर्कता प्रकोष्ठ और मुख्य सचिव समन्वय के कार्यों का भी निर्वहन करेंगे। वे पूर्व की भांति स्वराज संस्थान के आयुक्त व संचालक और भारत भवन के न्यासी सचिव बने रहेंगे।
अरविंद दुबे को जनसंपर्क का दायित्व
मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव के रूप में कार्यरत अरविंद दुबे को संचालक जनसंपर्क का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।







