कलारी शिफ्ट करने को लेकर युवक पर तलवारों से जानलेवा हमला, पांच पर केस दर्ज

कलारी शिफ्ट करने को लेकर युवक पर तलवारों से जानलेवा हमला, पांच पर केस दर्ज
भोपाल, यश भारत। राजधानी के बजरिया थाना क्षेत्र के विजय नगर में बीती रात शराब दुकान शिफ्ट करने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश और विवाद के चलते आधा दर्जन बदमाशों ने एक व्यक्ति पर डंडों और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गाली-गलौज के बाद अचानक किया हमला
पुलिस के अनुसार, विजय नगर निवासी शानू यादव (45) पिता राजाराम का क्षेत्र में कलारी शिफ्ट होने की बात को लेकर भिक्कू उर्फ विक्कू, कैलाश, राहुल, विकास और मदन से विवाद चल रहा था। बीती रात जब इनका आमना-सामना हुआ, तो आरोपियों ने पहले शानू के साथ गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे और तलवार से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में शानू के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि शानू की शिकायत पर आरोपी भिक्कू और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इनका कहना है:
कलारी शिफ्टिंग के विवाद में शानू यादव पर हमला हुआ है। शिकायत के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
शिल्पा कौरव, बजरिया थाना पुलिस







