बोलेरो, ऑटो की सीधी भिड़ंत : युवक की दर्दनाक मौत , महिला समेत चार घायल

रीवा। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़ौ गांव के पास बोलेरो और ऑटो के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में आटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मृतक की पहचान बुद्धिलाल यादव (48 वर्ष) निवासी जनकहाई, थाना जवा के रूप में हुई है। घायलों में श्यामादेवी मिश्रा की हालत नाजुक बनी हुई है, इसके साथ ही जीवेश मिश्रा, प्रेम शंकर उर्फ जोखू मिश्रा व शुभम सिंह सभी निवासी जनकहाई थाना जवा को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना प्रभारी श्रंगेश सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में घायल महिला सहित चारों घायलों को पुलिस ने डायल-112 और एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रीवा भेजा, जहां सभी का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में एक महिला की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरमौर अस्पताल की शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। हादसे के बाद दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। बैकुंठपुर थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







