दमोहनाका रैन बसेरा के पास युवक की पत्थर पटककर हत्या
आरोपी फरार , पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर, यशभारत। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोहनाका स्थित पुराने बस स्टैंड के रैन बसेरा के समीप एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर पर पत्थर पटककर मौत के घाट उतार दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान खिन्नी मोहल्ला,दमोहनाका निवासी आकाश रजक के रूप में हुई है। मृतक की मां कलावती अहिरवार ने बताया कि सुबह 5.30 बजे 3 से 4 युवकों को उनके बेटे आकाश को घर से घसीट कर ले गए थे । आकाश रजक पेशे से ऑटो चालक था किराए का ऑटो चलाकर जीवन यापन करता था। सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से खून से सना एक पत्थर भी बरामद किया गया है, जिससे पत्थर पटककर हत्या किए जाने की पुष्टि हो रही है।

पुलिस प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, पुरानी कहासुनी और लूटपाट समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।







