युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं, मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के विकास नगर में शुक्रवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके कारण आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।
रात को परिजनों के साथ किया था भोजन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राकेश साहू (21) के रूप में हुई है, जो विकास नगर का निवासी था और एक निजी संस्थान में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात राकेश काम से लौटने के बाद सामान्य था। उसने परिवार के साथ बैठकर भोजन किया, बातचीत की और फिर अपने कमरे में सोने चला गया।
सुबह नहीं खुला दरवाजा तो चला पता शुक्रवार सुबह जब राकेश काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने उसे जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर जब खिड़की से झांककर देखा गया, तो राकेश फंदे पर लटका हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और हमीदिया अस्पताल पहुंचाया।
गोविंदपुरा थाना पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल की बारीकी से तलाशी ली गई लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल की कॉल डिटेल्स और चैट्स खंगालने से आत्महत्या की वजह साफ हो सकती है। फिलहाल मर्ग कायम कर परिजनों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।







