
तेज रफ्तार कार माइनर में गिरी, प्रॉपर्टी डीलर समेत दो की मौत, एक गंभीर घायल
गुडंबा थाना क्षेत्र में देर रात हुआ हादसा
गुडंबा थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बेहटा माती और पारा गांव के बीच एक अनियंत्रित कार माइनर में गिर गई। इस भीषण हादसे में प्रॉपर्टी डीलर विनोद यादव (45) और उनके साथी अरुण (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक कुंवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक विनोद यादव बाराबंकी के पलिया कुर्सी रोड के रहने वाले थे और गुडंबा थाने के पीछे पत्नी मीना और बेटे अभय के साथ रहते थे। वे प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, विनोद अपने साथियों अरुण और कुंवर के साथ बाराबंकी के पालिया गांव गए थे। देर रात करीब 11 बजे लौटते समय कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर माइनर में जा गिरी हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को माइनर से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुडंबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विनोद यादव और अरुण को मृत घोषित कर दिया।
घायल कुंवर का इलाज जारी है। विनोद के भाई वीरेंद्र यादव ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए तीसरे साथी से पूछताछ और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, अरुण के पिता संतोष रावत ने बताया कि उनके बेटे की हाल ही में शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।







