इंदौरभोपालमध्य प्रदेश

शार्ट सर्किट से इलेक्ट्रिक व्हीकल शोरूम में भीषण आग, सूझबूझ से बची 20 जिंदगियां

शार्ट सर्किट से इलेक्ट्रिक व्हीकल शोरूम में भीषण आग, सूझबूझ से बची 20 जिंदगियां

इंदौर, यशभारत। लसूड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत खालसा चौक के पास शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे के दौरान बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों पर बने फ्लैट्स में रहने वाले 6 परिवारों के 20 लोग अंदर ही फंस गए। गनीमत रही कि पड़ोसियों की त्वरित सूझबूझ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम की तत्परता से समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सुबह 7 बजे धुएं के गुबार से खुली नींद
चश्मदीदों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। उस समय ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग सो रहे थे। दुबई से आए एक परिवार ने सुबह बारिश देखने के लिए खिड़की खोली, तो उन्हें नीचे से धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर अन्य फ्लैट्स के लोगों को सचेत किया। जब तक लोग संभलते, तब तक नीचे बने शोरूम से उठ रही आग की लपटों ने सीढ़ियों को पूरी तरह घेर लिया था। दम घुटने और नीचे उतरने का रास्ता बंद होने के कारण पूरी बिल्डिंग में चीख-पुकार मच गई।

पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी, छतों को जोड़कर बनाया रास्ता
बिल्डिंग से आ रही आवाजों को सुनकर आस-पास की मल्टीस्टोरी के लोग और चौकीदार तुरंत मदद के लिए दौड़े। नीचे आग इतनी तेज थी कि वहां से घुसना मुमकिन नहीं था। ऐसे में पड़ोसियों ने तुरंत सीढ़ियों और रस्सियों का इंतजाम किया। उन्होंने बगल की खाली बिल्डिंग की छत से पीड़ित बिल्डिंग की छत के बीच लोहे की सीढ़ियां डालकर एक अस्थाई पुल (रास्ता) तैयार किया। खिड़कियों और लोहे के एंगल से मजबूत रस्सियां बांधकर दूसरी तरफ फेंकी गईं।

फायर ब्रिगेड और पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई लोग इन सीढ़ियों के सहारे बगल की छत पर पहुंच गए, जबकि कुछ लोगों को रस्सियों के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा गया। हादसे में मूल रूप से शिवपुरी के रहने वाले भानु सिंह के परिवार समेत सभी 20 लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया।

गाड़ियां जलकर खाक, घरेलू सामान सुरक्षित
फायर ब्रिगेड के अधिकारी शोभाराम मालवीय ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत और दो टैंकर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि आग ऊपरी मंजिलों के फ्लैट्स तक नहीं पहुंची, जिससे लोगों का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि, नीचे शोरूम में रखे सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button