डिंडौरी l ग्राम पंचायत बिलगांव में आयोजित चार दिवसीय प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का समापन बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के अमरपुर मंडल अध्यक्ष आकाश नामदेव, महामंत्री रामकुमार बनवासी, रितेश उसराठे, उपाध्यक्ष माखन साहू, सरपंच बिलगांव, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष कमलेश मरावी, सरपंच झिलमिला, सरपंच रामनाथ उद्दे, पूर्व सरपंच खजरी राम सिंह मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में ग्रामवासियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। फाइनल मुकाबले में गोंडवाना एक्सप्रेस मुड़की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। द्वितीय स्थान ग्राम बिलगांव की टीम को तथा तृतीय स्थान धनवासी की टीम को प्राप्त हुआ।
समापन समारोह में विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि आपसी भाईचारे और मेल-मिलाप का भी अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया और कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को विधायक धुर्वे ने गंभीरता से सुना और तत्काल समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
अंत में विजेता टीम गोंडवाना मुड़की को विजेता राशि एवं ट्रॉफी, उपविजेता बिलगांव टीम को द्वितीय पुरस्कार राशि व ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त धनवासी टीम को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी खिलाड़ियों को विधायक श्री धुर्वे ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।
Back to top button