मध्य प्रदेशराज्य

वाहन पार्किग का मामला, टीआई सहित 5 पुलिस कर्मी लाइन अटैच : व्यापारी के साथ पुलिस ने की मारपीट

नरसिंहपुर यशभारत। बैंक के काम से आये युवा व्यापारी को करेली थाना में पदस्थ पुलिसकर्मियों ने लात-घूंसों से पीटा। इतना ही नहीं थाने ले जाकर फिर से पिटाई की गई। इस घटना की जानकारी लगते ही व्यापारियों सहित आसपास गांवों में निवासरत व्यापारी के परिचित, रिश्तेदार आक्रोशित हो गये और थाने का घेराव करते हुए दोषियों के विरुद्ध एफआईआर सहित निलंबन की कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया को ज्ञापन दिया। व्यापारियों ने कार्रवाई नहीं होने तक कृषि उपज मंडी बंद रखने का ऐलान किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने व्यापारी के साथ मारपीट करते वीडियो में दिख रहे पुलिस कर्मियों सहित टीआई को लाइन अटैच किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करेली के व्यापारी राजन उर्फ दीपांश यादव बैंक गए थे। व्यापारी का वाहन पार्किग में खड़े करने को लेकर थाना प्रभारी प्रियंका केवट से विवाद हुआ था। आरोप है कि टीआई ने उसे पिटवाया और खुद इसका वीडियो भी बनाया। घटनाक्रम सोमवार का है। पिटाई के वीडियो सामने आने के बाद पीडि़त के परिजन समेत सैकड़ों लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। व्यापारी एसोसिएशन ने कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक मंडी बंद रहेगी।

व्यापारी को सडक़ पर पीटा 

सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी व्यापारी को पीटते नजर आ रहे हैं। उसे लातें मार रहे हैं। घसीटते और पटकते हुए पीट रहे हैं। पास ही में खड़ीं टीआई भी अपना मोबाइल निकालकर इसका वीडियो बनाती नजर आ रहीं हैं। व्यापारी के साथ हुई इस घटना के विरोध में ग्रैंड मर्चेंट एसोसिएशन ने घोषणा की है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, मंडी में अनाज की खरीदी और बिक्री बंद रहेगी। इस घटना के बाद थाने में तेंदूखेड़ा के पूर्व विधायक संजय शर्मा भी पहुंचे।   

पीडि़त दीपांश पिता दिनेश यादव ने इस संबंध में एक शिकायत पत्र पुलिस अधीक्षक को दिया है। जिसमें उल्लेख है कि वह फर्म ओजस फूड का प्रोप्राइटर है। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह किसानों को भुगतान करने यूनियन बैंक शाखा में गया था। इसी दौरान करेली नगर निरीक्षक प्रियंका केवट ने स्वयं की मौजूदगी में करेली थाने के 7-8 पुलिसकर्मियों से वाहन पार्किग को लेकर उसके साथ बेहद अमानवीय तरीके से मारपीट करवाई गई। फिर थाने के अंदर लाकर मेरे साथ पट्टे से भी मारपीट की गई है। जिसमें मुझे गंभीर चोट आई है। सडक़ पर हुई पूरी घटना का सीसीटीव्ही वीडियों फुटेज उपलब्ध है। पीडि़त ने कहा कि उसके साथ मारपीट करने वाले दोषियों पर कार्रवाई करने के साथ ही उसे सुरक्षा की भी मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसकी सोने की चेन व मोबाइल भी छुड़ा लिया है। पुलिस द्वारा युवा व्यापारी के साथ बीच सडक पर मारपीट और निर्दयता से वीडियो बनाने को लेकर थाने में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। जिला पुलिस अधिकारी सहित आमगांव चौकी, बरमान चौकी, कोतवाली थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। पूर्व विधायक संजय शर्मा, नरसिंहपुर नपाध्यक्ष नीरज दुबे, करेली पूर्व नपा अध्यक्ष राजेंद्र रघुवंशी सहित भाजपा-कांग्रेस के कार्यकत्र्ताओंं व पदाधिकारियों ने पुलिस की इस बर्बरता पर रोष जताया। 

पक्ष-विपक्ष में आक्रोश

करेली में पुलिस द्वारा की गई इस बर्बरता पूर्वक कार्यवाही के विरोध में क्या भाजपा, क्या कांग्र्रेस, क्या जनता दल सभी दलों के चेहरे घटना के विरोध में दिये जा रहे ज्ञापन में साथ नजर आये सभी ने एक स्वर में पुलिस की इस बर्बरता प्रणाली की नींदा की। सोशल मीडिया पर भी लोग पुलिस की इस बर्बरता की जमकर अलोचना कर रहे है। 

पहले व्यापारी ने उठाया सिपाही पर हाथ- थाना प्रभारी 

घटना पर थाना प्रभारी प्रियंका केवट ने कहा कि बैंक पार्किंग की वजह से जाम की समस्या बनती है, जिसको लेकर समझाइस और चलानी की कार्रवाई की जा रही थी। युवक से भी चालान बनवाने कहा था, लेकिन उसने पहले हमारे सिपाही पर हाथ उठाया। उसको रोकने के कारण ये घटना हुई है। मामले की जांच होनी चाहिए।

इनका यह है कहना….

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने कहा कि आक्रोशितजनों की बात सुनकर हमने सभी को समझाकर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, जो पुलिस कर्मी युवा व्यापारी से वीडियो में मारपीट करते दिख रहे है थाना प्रभारी सहित उन्हें लाईन अटेच कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button