कैंट में दिल दहला देने वाला हादसा: खड़ी मोपेड को कार ने रौंदा, युवक शिवा मरकाम की मौके पर मौत

जबलपुर यश भारत । कैंट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार के कहर ने एक युवक की जान ले ली। जयसवाल पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी मोपेड को एक अनियंत्रित फोर-व्हीलर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मोपेड पर बैठे शिवा मरकाम नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई । थाना प्रभारी कैंट ने बताया कि मृतक शिवा मरकाम अपने साथी के साथ मोपेड पर गोलछा बारात घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में जब मृतक के साथी ने अपनी मोपेड को सड़क के किनारे खड़ा किया और शौचालय के लिए गए, तभी एक तेज रफ्तार कार ने मोपेड को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में मोपेड पर बैठे शिवा मरकाम गंभीर रूप से घायल हुए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाला फोर-व्हीलर चालक फिलहाल फरार है और उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात चालक को जल्द पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है और सरगर्मी से उसकी तलाश की जा रही है।






