नर्मदा टाईगर हिरदेशाह लोधी के बलिदान दिवस पर 28 अप्रैल को निकलेगी शौर्य यात्रा

नर्मदा टाईगर हिरदेशाह लोधी के बलिदान दिवस पर 28 अप्रैल को निकलेगी शौर्य यात्रा
भोपाल, यश भारत। क्रांतिवीर राजाओं और जनजातीय योद्धाओं के स्मरण में नर्मदा टाईगर हिरदेशाह लोधी के बलिदान दिवस पर 28 अप्रैल को भोपाल के जम्बूरी मैदान में शौर्य यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय लोधी, लोधा, लोध क्षत्रिय महासभा मध्यप्रदेश, नर्मदा टाईगर हिरदेशाह शोध संस्था और गोंड महासभा के तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होंगे, कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल करेंगे। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल और पूर्व विधायक प्रदुमन सिंह लोधी ने शनिवार को हुई पत्रकार वार्ता में बताया कि यह आयोजन उन क्रांतिवीर राजाओं और जनजातीय योद्धाओं की स्मृति को समर्पित है, जिनके बलिदान ने स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी। उन्होंने बताया कि 1842 में अंग्रेजों के खिलाफ हुए विद्रोह का नेतृत्व नर्मदा टाईगर हिरदेशाह लोधी ने किया था। उनके नेतृत्व में कई राजाओं और योद्धाओं ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया। यह कार्यक्रम उन्हीं वीरों के बलिदान को याद करने और नई पीढ़ी को उनके इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।







