भोपालमध्य प्रदेश

शोरूम के बाहर खड़ी 14 लाख की नई कार दिनदहाड़े पार

शोरूम के बाहर खड़ी 14 लाख की नई कार दिनदहाड़े पार

​भोपाल,यशभारत। राजधानी में सुरक्षित समझे जाने वाले पॉश इलाकों में भी अब वाहन चोरों का आतंक चरम पर है। ताजा मामला चुनाभट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां शातिर चोरों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलते हुए एक शोरूम से ₹14 लाख की नई कार उड़ा दी। वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने इस घटना को दोपहर के उजाले में मात्र 30 मिनट के भीतर अंजाम दिया।

​वॉशिंग के लिए खड़ी थी कार, कर्मचारी देखते रह गए
​पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रायसेन रोड निवासी मोहम्मद साजिद, जो चुनाभट्टी स्थित एक नामी कार शोरूम में मैनेजर हैं, ने बताया कि 7 जनवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे एक ब्रांड न्यू कार को वर्कशॉप के पिछले गेट पर वॉशिंग के लिए खड़ा किया गया था। कर्मचारी कार धोने की तैयारी कर ही रहे थे कि महज आधे घंटे के अंतराल में कार वहां से गायब हो गई। पहले स्टाफ ने सोचा कि शायद किसी कर्मचारी ने टेस्ट ड्राइव या पार्किंग के लिए कार हटाई होगी, लेकिन हकीकत सामने आते ही शोरूम में हड़कंप मच गया।

​इनसाइडर जॉब या हाई-टेक गैंग?
​बिना चाबी के इतनी फुर्ती से नई कार ले जाना किसी बड़े गैंग की मौजूदगी की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस इस मामले में इनसाइडर जॉब (भीतरी व्यक्ति की मिलीभगत) के एंगल से भी जांच कर रही है। क्या चोरों के पास मास्टर-की थी या उन्होंने की-क्लोनिंग का सहारा लिया, यह तफ्तीश का विषय है। फिलहाल, पुलिस शोरूम के सीसीटीवी फुटेज और शहर के एग्जिट पॉइंट्स पर लगे कैमरों को खंगाल रही है।

​सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल
​राजधानी के शोरूम से दिनदहाड़े कार चोरी होना भोपाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। शोरूम संचालकों में इस घटना के बाद से भारी असुरक्षा का माहौल है। जानकारों का कहना है कि यदि व्यस्त सड़कों और शोरूम के बाहर से गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा।

इनका कहना है…
हमने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
थाना प्रभारी, चुनाभट्टी- धमेंन्द्र मौर्य

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button