लालघाटी चौराहे पर चलती कार में लगी भीषण आग, पूरी गाड़ी जलकर खाक

लालघाटी चौराहे पर चलती कार में लगी भीषण आग, पूरी गाड़ी जलकर खाक
धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
भोपाल यश भारत। शहर के लालघाटी चौराहे पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।







