भोपालमध्य प्रदेश

आदमपुर कचरा खंती में भीषण आग, धुएं के गुबार से ढका आसमान

आदमपुर कचरा खंती में भीषण आग, धुएं के गुबार से ढका आसमान

भोपाल, यशभारत। राजधानी के आदमपुर छावनी स्थित लैंडफिल साइट (कचरा खंती) में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। कचरे के विशाल ढेर से उठी लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। आग के कारण निकलने वाले काले और जहरीले धुएं ने आसपास के कई किलोमीटर क्षेत्र को अपनी आगोश में ले लिया है, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है।
दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर अमला हरकत में आया। मौके पर दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुटी हैं। हालांकि, तेज हवा और कचरे के नीचे दबी मिथेन गैस के कारण आग पर काबू पाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। फायर अधिकारियों का कहना है कि कचरे की आग सतह के नीचे तक फैल जाती है, जिसे पूरी तरह बुझाने में समय लग सकता है।
आदमपुर खंती में लगी इस आग से उठने वाला धुआं बेहद जहरीला है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्लास्टिक और केमिकल युक्त कचरा जलने से हवा में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों ने आंखों में जलन और घबराहट की शिकायत की है। प्रशासन ने एहतियातन लोगों को घरों की खिड़कियां बंद रखने और मास्क लगाने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button