इंदिरा भवन में कांग्रेस जिला प्रभारियों की बड़ी बैठक, संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का बना मास्टर प्लान

इंदिरा भवन में कांग्रेस जिला प्रभारियों की बड़ी बैठक, संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का बना मास्टर प्लान
भोपाल,यशभारत। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन में शनिवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में प्रदेश के सभी जिला प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में आगामी चुनावी रणनीतियों और संगठन के विस्तार को लेकर गहन मंथन किया गया।
प्रमुख नेतृत्व की मौजूदगी
बैठक की अध्यक्षता मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव उषा नायडू, संजय दत्त सहित प्रदेश के सभी वरिष्ठ जिला प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती पर जोर
बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। नेतृत्व ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी को केवल शहरों तक सीमित न रखकर गांव-गांव तक ले जाना है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त करने के लिए जिला प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जनता के मुद्दों पर होगा आक्रामक रुख
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रभारी हरीश चौधरी ने जिला प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाएं। पार्टी ने निर्णय लिया है कि आने वाले समय में एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों को हर वर्ग तक पहुँचाया जाएगा, साथ ही आम जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।







