बमबाजी की फिराक में घूम रहा हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार,वारदात से पहले पुलिस ने दबोचा
माढ़ोताल पुलिस की कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। थाना माढ़ोताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बमबाजी की नीयत से घूम रहे एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी सौरव यादव उर्फ साहिल यादव शारदा विहार क्षेत्र का निवासी है। उसके खिलाफ थाना माढ़ोताल सहित शहर के अन्य थानों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास की धारा 307 जैसे गंभीर अपराध भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी बुधवार रात किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में दो देसी सुअरमार बम लेकर क्षेत्र में घूम रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना माढ़ोताल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से बम बरामद किए। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।
इस पूरी कार्रवाई में आम नागरिकों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक जबलपुर द्वारा शुरू की गई सोशल पुलिसिंग व्यवस्था के तहत नागरिकों से मिली सूचनाओं के आधार पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने सहयोग के लिए आमजन का आभार व्यक्त किया है।







