झाँकी के पास खेल रही 10 साल की बच्ची के कंधे पर लगा छर्रा

झाँकी के पास खेल रही 10 साल की बच्ची के कंधे पर लगा छर्रा
पुलिस बोली- ‘पीएम रिपोर्ट के बाद ही होगा खुलासा’
भोपाल, यशभारत। रजधानी के कोलार की राजहर्ष कॉलोनी में गुरुवार की शाम झाँकी के सामने खेल रही 10 वर्षीय रिया रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची के गले के पास कंधे पर छर्रा लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गई। परिवार को आशंका है कि यह छर्रा किसी एयरगन से चला है।
जानकारी के अनुसार, सुनील रजक की 10 साल की बेटी रिया कॉलोनी में स्थापित एक झाँकी के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी अचानक बाईं तरफ कंधे के पास गले से सटाकर कोई वस्तु (छर्रा) लगी और वह गश खाकर गिर गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत जेके अस्पताल ले जाया गया, जहाँ करीब दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
कोलार पुलिस ने इस मामले पर बयान देते हुए कहा, “बच्ची को पीएम (पोस्टमॉर्टम) के लिए भेज दिया था। आज पीएम के बाद परिवार वालों को बच्ची का शव सौप कर आगे की जांच की जां रही है। पुलिस को प्रारंभिक तौर पर बच्ची की मौत गोली या छर्रे से होने की आशंका है। हालांकि, सिटी स्कैन में कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।”
एयरगन और मृत कबूतरों पर टिकी जाँच
पुलिस को घटनास्थल के आसपास से दो मरे हुए कबूतर भी मिले हैं। परिजनों को शक है कि किसी ने कबूतर मारने के लिए एयरगन से फायर किया होगा और यह छर्रा रिया को लग गया। पुलिस टीम अब आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि ऊपर की ओर से आकर बच्ची को लगने वाली वस्तु क्या थी।







