जबलपुर में नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म : डेढ़ माह तक बंधक बनाकर रखा, पुलिस ने पीडि़ता को किया दस्तयाब

जबलपुर, यशभारत। अधारताल के कटरा मस्जिद में दुष्कर्म और अपहरण का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जिसमें शातिर आरोपी ने मोहल्ले की ही नाबालिग किशोरी को पहले तो अपने झूठे प्रेम के जाल में फंसाया और फिर उसके घर से अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं आरोपी ने नाबालिग को शहपुरा में करीब डेढ़ माह तक रखा और लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। इधर, घर से गायब हुई नाबालिग की खोजबीन कर जब परिजन हार गए तो थाने में शिकायत दर्ज की। जिसके बाद मुस्तैद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को शहपुरा से दबोच कर, नाबालिग को दस्याब कर लिया है। जिसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी अनुसार पुलिस ने बताया कि कटरा मस्जिद निवासी नाबालिग युवती डेढ़ माह पहले अचानक घर से गायब हो गयी थी। परिजनों की रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज कर, लागतार पुलिस पतासाजी करने में जुटी थी।
शहपुरा में मिली लोकेशन
पुलिस ने बताया कि परिजनों को शक था कि मोहल्ले में ही रहने वाला प्रकाश कोरी उनकी नाबालिग का अपहरण कर फरार हो गया है। जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। जिसके बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी, नाबालिग समेत शहपुरा में रह रहा है।
बंधक बनाकर रखा
पुलिस ने बताया कि प्रकाश कोरी शहपुरा में नाबालिग को बंधक बनाकर रखे था और लगातार उसका शोषण कर रहा था। जिसे दबोचकर किशोरी को दस्तयाब किया गया है। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई है। थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के मार्गदर्शन में ऊषा विश्वकर्मा, अनिल कुमार और टीम कि सराहनीय भूमिका रही।







