एयरपोर्ट पर 39.8 करोड़ की तस्करी का पर्दाफाश,ड्रग्स और सोना जब्त, नौ तस्कर गिरफ्तार
मुंबई, यशभारत

एयरपोर्ट पर 39.8 करोड़ की तस्करी का पर्दाफाश,ड्रग्स और सोना जब्त, नौ तस्कर गिरफ्तार
मुंबई, यशभारत।मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम्स विभाग ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 39.8 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थ और सोना जब्त किया है। 27 और 28 नवंबर को चलाए गए अभियान में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने बैंकॉक जा रहे एक यात्री के पास से पांच किलोग्राम केटामाइन बरामद की। पूछताछ के आधार पर एक आवासीय परिसर में छापा मारकर सात किलोग्राम अतिरिक्त केटामाइन जब्त की गई। कुल 12 किलोग्राम केटामाइन की कीमत करीब 36 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा बैंकॉक से आए दो यात्रियों के पास से 2.27 करोड़ रुपए मूल्य का 6.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। वहीं, पांच अन्य यात्रियों से 1,443 ग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 1.57 करोड़ रुपए है। गांजा तस्करी के मामले में दो और सोने की तस्करी में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। कस्टम्स विभाग सभी मामलों की जांच कर रहा है।






