मौत के बाद कितना वक्त बीता? अब मस्तिष्क-रीढ़ का द्रव देगा सुराग , 100 शव परीक्षाओं पर आधारित अध्ययन में सामने आई अहम जानकारी

मौत के बाद कितना वक्त बीता? अब मस्तिष्क-रीढ़ का द्रव देगा सुराग
100 शव परीक्षाओं पर आधारित अध्ययन में सामने आई अहम जानकारी
भोपाल,यश भारत। मृत्यु के बाद कितना समय बीत चुका है, इसका सटीक अनुमान लगाना फॉरेंसिक मेडिसिन के सामने हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है। अब एम्स भोपाल की एक शोधार्थी ने इस दिशा में नई संभावना प्रस्तुत की है। उनके शोध के अनुसार, मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के आसपास मौजूद सेरेब्रोस्पाइनल फ्लूइड (सीएसएफ) मृत्यु के बाद बीते समय का अनुमान लगाने में महत्वपूर्ण सुराग दे सकता है।
एम्स भोपाल में एमडी (फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी) की स्नातकोत्तर छात्रा डॉ. पुष्पांजलि टी. को उनके इस शोध के लिए 7वीं साइंस कॉन्क्लेव-कम-नेशनल बायोमेडिकल रिसर्च कॉम्पिटिशन (एनबीआरकॉम-2026) में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
100 शव परीक्षाओं पर आधारित शोध
डॉ. पुष्पांजलि का शोध ‘क्या सेरेब्रोस्पाइनल फ्लूइड बता सकता है मृत्यु का समय?’ विषय पर केंद्रित था। इस अध्ययन में एम्स भोपाल में हुई 100 चिकित्सा-विधिक शव परीक्षाओं के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। शोध के दौरान सीएसएफ की सीटी रेडियोडेंसिटी के साथ-साथ उसके विभिन्न जैव-रासायनिक मापदंडों का परीक्षण किया गया।
सोडियम-पोटैशियम अनुपात से मिल सकता है अहम संकेत
अध्ययन में सामने आया कि मृत्यु के बाद सीएसएफ की रेडियोडेंसिटी और उसमें होने वाले जैव-रासायनिक बदलाव पोस्टमार्टम इंटरवल यानी मृत्यु के बाद बीते समय का अनुमान लगाने में सहायक हो सकते हैं। विशेष रूप से सोडियम और पोटैशियम के अनुपात को उपयोगी संकेतक के रूप में देखा गया। शोध के निष्कर्ष फॉरेंसिक जांच में मृत्यु के समय का अनुमान लगाने के लिए एक अतिरिक्त वैज्ञानिक आधार उपलब्ध कराने की संभावना दर्शाते हैं। इससे भविष्य में चिकित्सा-विधिक जांच को अधिक वैज्ञानिक और सटीक बनाने में मदद मिल सकती है।







