कटनी

दिशा की बैठक में उठा 32 ट्रक चावल गबन का मामला, सांसद रहे मौजूद, कलेक्टर बोले : चल रहीं जांच, कराएंगे एफआईआर

कटनी, यशभारत। जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में आज कटनी जिले में चल रहे 32 ट्रक चावल गायब होने का मामला भी जोर-शोर से उठा। कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक में कटनी जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ ही क्षेत्र के सांसद व्ही डी शर्मा भी मौजूद रहे। चावल गबन का मामला समिति के सदस्य और शहडोल सांसद के प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने उठाया और प्रशासन से कार्रवाई की अपेक्षा की। जबाव देते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि चावल गबन मामले में जल्द ही संबंधितों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
यह है पूरा मामला
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच कटनी जिले से हरदा, इंदौर और नीमच जिलों के लिए चावल की 32 गाडिय़ां भेजी गई थीं। इनमें इंदौर में 8 ट्रकों में 2641 क्विंटल, हरदा में 14 ट्रक में 4763 क्विंटल और नीमच में 10 ट्रकों में 3569 क्विंटल चावल भेजना था, जबकि यह गाड़ी नहीं पहुंची। यशभारत ने जब इसका खुलासा किया तो प्रशासनिक स्तर पर हडक़म्प मच गया। मामला जब कलेक्टर आशीष तिवारी तक पहुंचा, तब उन्होंने प्रभारी जिला प्रबंधक नान को जांच के निर्देश दिए।
पहले भी गायब हो चुका 36 ट्रक चावल
तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी के कार्यकाल में तीनों जिलों को 32 ट्रक सरकारी चावल भेजा गया था। तीनों जिलों में चावल भेजने के लिए भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को परिवहन का ठेका दिया था। यह बात भी सामने आई है कि जिस ट्रांसपोर्टर को चावल पहुंचाने का काम सौंपा गया था, उस पर पहले भी दूसरे जिलों में 36 ट्रक चावल गायब होने के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में उसी को जिले में ठेका देना संदेह के घेरे में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button