भोपालमध्यप्रदेश

बीएचईएल भोपाल ने रचा इतिहास, अब तक का सबसे कीमती कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मर रवाना

बीएचईएल भोपाल ने रचा इतिहास, अब तक का सबसे कीमती कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मर रवाना

भोपाल, यश भारत। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने उत्कृष्ट अभियांत्रिकी और उन्नत विनिर्माण कौशल का परिचय देते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने 295.1 एमवीए, 800 केवी एचवीडीसी कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मर की पहली इकाई का सफलतापूर्वक निर्माण, टाइप परीक्षण और प्रेषण पूरा कर लिया है। बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने सोमवार को इसे विधिवत रवाना किया। यह बीएचईएल भोपाल के इतिहास में निर्मित अब तक का सर्वाधिक मूल्य का एकल उत्पाद है।

इस अत्याधुनिक ट्रांसफॉर्मर का निर्माण बीएचईएल भोपाल के न्यू ट्रांसफॉर्मर ब्लॉक में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) की प्रतिष्ठित 6000 मेगावाट, ±800 केवी एचवीडीसी खावड़ा–नागपुर बाइपोल परियोजना के लिए किया जा रहा है। यह इस परियोजना के तहत बनने वाले 26 कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मरों की श्रृंखला की पहली इकाई है। प्रेषण के अवसर पर महाप्रबंधक रूपेश तैलंग, महाप्रबंधक एसके महाजन सहित अन्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यपालक निदेशक उपाध्याय और वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके परिश्रम व तकनीकी दक्षता की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष इकाइयों का निर्माण और प्रेषण भी तय समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा। पहली इकाई का यह सफल प्रेषण न केवल संविदात्मक आपूर्ति प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह देश के विद्युत पारेषण तंत्र को सुदृढ़ करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी नई गति देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button