भोपालमध्यप्रदेश

तीन महीने के संभावित विस्तार ने बदला गणित: मकवाना की कमान बढ़ी तो 3 वरिष्ठ आईपीएस दावेदार हो सकते हैं दौड़ से बाहर

तीन महीने के संभावित विस्तार ने बदला गणित: मकवाना की कमान बढ़ी तो 3 वरिष्ठ आईपीएस दावेदार हो सकते हैं दौड़ से बाहर

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस के मुखिया की कुर्सी को लेकर प्रशासनिक गलियारों में नए समीकरण बनते दिख रहे हैं। वर्तमान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना का कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है, लेकिन उनके कार्यकाल में तीन महीने के सेवा विस्तार के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की चर्चा है। यदि मकवाना को फरवरी 2027 तक सेवा विस्तार मिलता है, तो नए डीजीपी की चयन प्रक्रिया भी आगे खिसक सकती है और इसका सीधा असर तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की दावेदारी पर पड़ सकता है।

6 महीने की सेवा की शर्त से बदल सकता है समीकरण
संभावना जताई जा रही है कि सेवा विस्तार मिलने की स्थिति में नए डीजीपी के चयन की कवायद मार्च 2027 में शुरू हो सकती है। यूपीएससी के नियमों के अनुसार, डीजीपी पद के लिए प्रस्तावित अधिकारियों की सेवानिवृत्ति में कम से कम छह महीने की सेवा शेष होना अनिवार्य है। यदि समयसीमा आगे बढ़ती है, तो 31 मई 2027 को सेवानिवृत्त होने वाले 1991 बैच के वरुण कपूर, 31 जुलाई 2027 को रिटायर होने वाले 1992 बैच के जी. अखिटो सेमा और 31 जुलाई 2027 को ही सेवानिवृत्त होने वाले 1994 बैच के राजाबाबू सिंह की दावेदारी प्रभावित हो सकती है।

12 के बजाय 9 नामों पर टिक सकता है मंथन
तीन वरिष्ठ अधिकारियों के नाम संभावित सूची से बाहर होने की स्थिति में राज्य सरकार की ओर से 12 के बजाय नौ आईपीएस अधिकारियों के नाम भेजे जाने की चर्चा है। संभावित दावेदारों में 1991 बैच से उपेंद्र कुमार जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, 1992 बैच से पंकज कुमार श्रीवास्तव और आदर्श कटियार, 1993 बैच से अनिल कुमार और रवि गुप्ता तथा 1994 बैच से अनंत कुमार सिंह, मनमीत सिंह नारंग और देव प्रकाश गुप्ता के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

फिलहाल कैलाश मकवाना के तीन महीने के सेवा विस्तार को लेकर केंद्र सरकार के आधिकारिक आदेश का इंतजार है। नियमानुसार राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर यूपीएससी तीन वरिष्ठ अधिकारियों का पैनल तैयार करेगी, जिसके आधार पर राज्य सरकार प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति पर अंतिम निर्णय लेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button