यशभारत फालोअप : दिन भर जांच, शाम को पता चला एक ट्रक चावल पहुंचा इंदौर, यशभारत के खुलासे के बाद नान ऑफिस पहुंची प्रशासन की टीम, खंगाले दस्तावेज, चावल परिवहन का नहीं मिला रिकार्ड, ट्रांसपोर्टर पर बढ़ रहा गबन का संदेह

कटनी, यशभारत। साढ़े चार करोड़ रुपए का चावल गायब होने के मामले में अब प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू हो गई है। सोमवार को नजूल तहसीलदार आकाश नीरज एवं प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर ने डन कॉलोनी स्थित नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय पहुंचकर बंद कमरे में पड़ताल की। जांच को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया। इस दौरान दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। अधिकारियों को जांच में तब परेशानियों का सामना करना पड़ा, जब कार्यालय में अधूरा रिकार्ड मिला, जिसके चलते रिकार्ड जुटाने में अधिकारी मशक्कत करते रहे। जांच के दौरान कक्ष के अंदर पूरी तरह से गोपनीयता बरती गई। यहां तक की कि यदि किसी मिलर्स को अधिकारी से मिलिंग के संबंध में कोई कार्य था तो उसे भी जांच के दौरान डीएम के कक्ष से बाहर रखा गया। जिससे कि जांच में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न न होने पाए।सुबह से शाम तक चली जांच में केवल इतना पता चल पाया कि 17 मार्च 2025 को एक ट्रक चावल पहुंचा था। ट्रक में 360 बोरे 178.11 किलोग्राम चावल लोड था, जबकि अभी तक 31 ट्रक चावल का कुछ पता नहीं चला है। उधर दूसरी तरफ ट्रांसपोर्टर ने सभी ट्रक संबंधित जिलों में पहुंचाने का दावा किया है, जिसकी रिसीविंग भी उनके पास है।
यह है पूरा मामला
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच कटनी जिले से हरदा, इंदौर और नीमच जिलों के लिए चावल की 32 गाडिय़ां भेजी गई थीं। इनमें इंदौर में 8 ट्रकों में 2641 क्विंटल, हरदा में 14 ट्रक में 4763 क्विंटल और नीमच में 10 ट्रकों में 3569 क्विंटल चावल भेजना था, जबकि यह गाड़ी नहीं पहुंची। यशभारत ने जब इसका खुलासा किया तो प्रशासनिक स्तर पर हडक़म्प मच गया। मामला जब कलेक्टर आशीष तिवारी तक पहुंचा, तब उन्होंने प्रभारी जिला प्रबंधक नान को जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के बाद प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर ने परिवहनकर्ता को नोटिस जारी किए और सोमवार को नान ऑफिस पहुुंचकर पड़ताल की।
पहले भी गायब हो चुका 36 ट्रक चावल
तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी के कार्यकाल में तीनों जिलों को 32 ट्रक सरकारी चावल भेजा गया था। तीनों जिलों में चावल भेजने के लिए भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को परिवहन का ठेका दिया था। यह बात भी सामने आई है कि जिस ट्रांसपोर्टर को चावल पहुंचाने का काम सौंपा गया था, उस पर पहले भी दूसरे जिलों में 36 ट्रक चावल गायब होने के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में उसी को जिले में ठेका देना संदेह के घेरे में है।
संबंधित जिलों में चावल भेजने का दावा
चावल नहीं पहुंचने के संबंध में नागरिक आपूर्ति निगम ने भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को नोटिस जारी किया था, जिसका जवाब प्रतिनिधि के माध्यम से ट्रांसपोर्ट कंपनी ने कार्यालय भिजवाया। ट्रांसपोर्टर का दावा है कि नीमच, इंदौर और हरदा में चावल भेजा है। गोदामों की पावती भी उसके पास है। अधिकारियों ने एक-एक ट्रक की पावती मंगाई है।
इनका कहना है
32 ट्रक चावल नहीं पहुंचने के मामले में सोमवार को जांच की गई है। दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला गया है। मामले में संबंधित ट्रांसपोर्टर को भी नोटिस जारी किया गया था। जिसने 17 मार्च को इंदौर के गोदाम में चावल जमा करने का पावती दी है। इंदौर के अधिकारियों से उक्त पावती के संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उक्त ट्रक से चावल गोदाम में जमा हुआ है।
-रविकांत ठाकुर, प्रभारी जिला प्रबंधक
नागरिक आपूर्ति निगम, कटनी







