Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

शिक्षिका पर छात्र की उंगली मरोड़ने का आरोप, दो लिगामेंट टूटे;

जबलपुर, यश भारत। घमापुर थाना क्षेत्र स्थित खालसा स्कूल की जीसीएफ ब्रांच में कक्षा दसवीं के छात्र के साथ हुई घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षिका ने छात्र की उंगली इतनी जोर से मरोड़ी कि उसके दो लिगामेंट टूट गए। घटना के बाद छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एमआरआई जांच में चोट की गंभीरता सामने आई। सोमवार को परिजनों ने घमापुर थाने पहुंचकर शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दी है।

जानकारी के अनुसार शीतलामाई निवासी अनुराग दुबे खालसा स्कूल की जीसीएफ ब्रांच में कक्षा दसवीं का छात्र है। परिजनों के मुताबिक घटना 3 नवंबर की है। स्कूल में शिक्षिका दीक्षा शर्मा ने किसी बात पर अचानक अनुराग की उंगली मरोड़ दी। घटना के तत्काल बाद छात्र को उंगली में हल्का दर्द महसूस हुआ। शुरुआत में चोट सामान्य समझकर परिवार ने भी इसकी गंभीरता पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन बाद में दर्द बढ़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों की सलाह पर छात्र की एमआरआई जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में उंगली के दो लिगामेंट टूटने की बात सामने आई। इसके बाद परिजनों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन और शिक्षिका के संबंध में पुलिस से शिकायत की। उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के साथ इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

परिजनों की शिकायत मिलने के बाद घमापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के समय की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। फुटेज के आधार पर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्र के साथ घटना किन परिस्थितियों में हुई थी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button