कटनी

रफ्तार का कहर, तीन दुर्घटनाएं, 5 मौतें, सडक़ सुरक्षा, भारी वाहनों की रफ्तार और यातायात व्यवस्था पर सवाल

कटनी, यशभारत। रविवार का दिन हादसों के नाम रहा। तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की अकाल मौतें हो गई। इन हादसों ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। कहीं तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया तो कहीं ट्रक की ठोकर लगने से एक युवक की मौत हो गई तो वहीं सिलौड़ी में ट्रैक्टर पलटने से दो युवकों की मौत हो गई। एक ही दिन में पांच युवकों की मौत ने एक बार फिर सडक़ सुरक्षा, भारी वाहनों की रफ्तार और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटनी-शहडोल राजमार्ग पर सुरखी टैंक के पास रविवार शाम करीब 4 से 4.30 बजे के बीच बस की चपेट में आने से बाइक सवार 22 वर्षीय अनुराग कोल और 21 वर्षीय करण कोल निवासी सुरखी की मौके पर मौत हो गई। वहीं उनका साथी 21 वर्षीय सावन कोल निवासी सुरखी पोड़ी आदिवासी बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि तीनों युवक बाइक से दुर्गा चौक की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और लोगों की भीड़ एकत्रित गई। घायल सावन को उपचार के लिए अस्पताल जिला पहुंचाया गया। सूचना पर तहसीलदार अवंतिका तिवारी जिला अस्पताल पहुंचीं और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। दो युवकों की मौत से सुरखी गांव में मातम पसरा है।
हरदुआ में ट्रक ने युवक को कुचला
दूसरा सडक़ हादसा रविवार शाम करीब 6 बजे कटनी-रीठी मार्ग हरदुआ बस स्टैंड के पास हुआ। यहां कूड़ो निवासी 35 वर्षीय पप्पू ठाकुर पिता पंचम ठाकुर की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने बताया कि रीठी की ओर से एलपीटी वाहन आ रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड के पास खड़े पप्पू ठाकुर बाइक सहित वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी जान चली गई। सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सिलौड़ी में ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत
इसी तरह ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र की सिलौड़ी पुलिस चौकी के अंतर्गत कुंसरी रोड पर शनिवार को अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान इमलई निवासी संजय कोल और उमेश कोल के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह और रामसेवक विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उमरियापान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सडक़ हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेगवां के पास हुए एक सडक़ हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान भेड़ा निवासी रामस्वरूप आदिवासी के रूप में हुई है। स्लीमनाबाद थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा ने बताया कि रामस्वरूप आदिवासी नेगवां के पास से गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर इतनी तेज थी कि वह सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दी और घायल को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल कटनी रिफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button