चावल घोटाला : परिवहनकर्ता को नोटिस, तीन दिन में मांगा जबाव, यशभारत के खुलासे के बाद हडक़म्प, पहले ही कार्रवाई झेल चुकी एजेंसी को दिया था पविहन का ठेका

कटनी, यशभारत। करीब साढ़े 4 करोड़ रूपए के चावल घोटाले में अब कार्रवाई की शुरूआत हो गई है। यशभारत द्वारा इस खबर को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। इस पूरे घोटाले में ट्रांसपोर्टर की भूमिका को शुरू से ही संदिग्ध माना जा रहा था, लिहाजा प्रशासन ने सबसे पहले ट्रांसपोर्टर को ही नोटिस थमाया है और तीन दिन में जबाव मांगा है। इस मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब एक नई जानकारी निकल सामने आई है, जिसमे यह पता चला है कि जिस भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को चावल परिवहन का ठेका दिया गया था, उसके मालिक विकास केसरवानी और पार्टनर दीपक जैन हैं और पहले भी अन्य जिलों में 36 ट्रक धान गायब होने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। पहले कार्रवाई होने के बाद भी इसी कंपनी को दोबारा चावल परिवहन का ठेका दिया जाना कई सवालों को खड़े करता है।
यशभारत में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद अब सीबीआई जांच की मांग भी उठने लगी है। केवल प्रारंभिक पड़ताल और कागजी कार्रवाई से इस मामले की परतें नहीं खुलेंगी। ट्रांसपोर्टर के बिल, ट्रक नंबर, जीपीएस लोकेशन, वेयरहाउस की प्राप्ति पावती, भुगतान की स्वीकृति, दूरी निर्धारण और दूसरे जिलों से हुए पत्राचार का स्वतंत्र मिलान होना चाहिए। साथ ही इसकी भी जांच की जानी चाहिए कि किसने बिल बनाए, किसने सत्यापित किए और किस अधिकारी ने भुगतान की अनुमति दी। इस पूरे मामले की शिकायत मप्र राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक अनुराग वर्मा से की गई है। प्रबंध संचालक ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच कराई जा रही है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कटनी के एसडब्ल्यूसी और सीडब्ल्यूसी के बड़वारा, कटनी, विजयराघवगढ़ के स्लीमनाबाद के गोदामों से 10 हजार 975.29 क्विंटल चावल 32 ट्रकों में तीन जिलों के लिए भेजा गया था। इसमें हंदौर के लिए 8, हरदा के लिए 14 और नीमच के लिए 10 ट्रक शामिल है। कुछ समय बाद इन जिलों के जिला प्रबंधकों ने पत्र के जरिए जानकारी दी थी कि उन्हें यह चावल नहीं मिला। पत्र कटनी पहुंचने के बाद नान कार्यालय में दबाकर रखा गया। जिसका खुलासा यशभारत ने किया। अब इस मामले में परिवहनकर्ता को नोटिस जारी किया गया है।
सहायक जिला प्रबंधक और ऑपरेटर की भूमिका पर सवाल
इस पूरे मामले में नान कार्यालय में पदस्थ सहायक जिला प्रबंधक और लंबे समय से कार्यरत ऑपरेटर की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। परिवहन से जुड़े दस्तावेज, प्राप्ति पावती, पत्राचार और बिलों की प्रक्रिया में इनकी क्या जिम्मेदारी थी। दूसरे जिलों से लगातार पत्र आने के बावजूद उनका जवाब नहीं दिया गया तो कार्यालय के भीतर इसकी जवाबदेही किसकी थी। क्या संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को परिवहन की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं थी या फिर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और पत्राचार की अनदेखी होती रही। इन सवालों का जवाब जांच में सामने आना चाहिए।
बिलों में दूरी का खेल, ट्रांसपोर्टर भी घेरे में
मामला सिर्फ चावल परिवहन तक सीमित नहीं है। इसी अवधि में धान परिवहन के बिलों में भी दूरी को लेकर गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। आरोप हैं कि नजदीक स्थित अलग-अलग वेयरहाउस की दूरी अलग-अलग दर्शाकर परिवहन भुगतान की गणना की गई। यदि ऐसा हुआ है तो सवाल सीधे ट्रांसपोर्टर और उन अधिकारियों पर से है, जिन्होंने इन बिलों का सत्यापन कर भुगतान की अनुमति दी। वास्तविक दूरी की जगह कागजों में बढ़ी हुई दूरी किस आधार पर स्वीकार की गई।
एक प्रभारी बदला तो खुलने लगी पुरानी फाइलें
लंबे समय से चल रही कथित अनियमितताओं पर सवाल तब उभरने लगे, जब एसडीएम को प्रभारी जिला प्रबंधक की जिम्मेदारी मिली और पुराने रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू हुई। इससे पहले व्यवस्था की निगरानी किसके जिम्मे थी। दूसरे जिलों से आए पत्रों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। परिवहनकर्ताओं के बिलों का सत्यापन किसने किया और सरकारी चावल की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों ने क्या प्रयास किए।
जांच की आंच जिला प्रशासन तक भी पहुंचेगी
इस पूरे प्रकरण में जिला प्रशासन की जवाबदेही को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। नान की गतिविधियों, खाद्यान्न परिवहन और सरकारी योजनाओं की समय-समय पर समीक्षा जिला स्तर पर होती रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि समीक्षा के दौरान चावल परिवहन, प्राप्ति पावती और भुगतान के रिकॉर्ड की पड़ताल क्यों नहीं हुई। यदि दो साल तक बिना पुख्ता प्राप्ति प्रमाण के परिवहन और भुगतान का सिलसिला चलता रहा तो आखिर किसकी निगरानी थी। कलेक्टर स्तर पर हुई समीक्षाओं में इन गड़बडिय़ों की जानकारी सामने आई थी या फिर फाइलों में सब कुछ ठीक दिखाकर वास्तविक स्थिति छिपाई जाती रही। इन बिंदुओं पर भी जांच जरूरी है।
जीपीएस लोकेशन और टोल रिकॉर्ड से खुलेगी पूरी परत
विदित हो कि सरकारी खाद्यान्न परिवहन करने वाले वाहनों में जीपीएस अनिवार्य होता है। ऐसे में यदि संदिग्ध ट्रकों की जीपीएस लोकेशन और मार्ग में पडऩे वाले टोल नाकों के रिकॉर्ड की जांच की जाए तो यह पता चल जाएगा कि गाडिय़ां वास्तव में संबंधित जिलों की ओर रवाना हुई थीं या फिर कागजों में ही परिवहन दर्शाकर गड़बड़ी की गई। इसके साथ ही स्थानीय व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच भी जरूरी बताई जा रही है।
पहले भी ट्रांसपोर्टर कर चुका है गड़बड़ी
32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गायब होने के मामले में नया खुलासा हुआ है। चावल के परिवहन का कार्य जिस भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को मिला था, उसके मालिक विकास केसरवानी, पार्टनर दीपक जैन पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी थी। इसके बावजूद संबंधित कंपनी को फिर से ठेका दिया जाना कहीं न कहीं अधिकारियों की संलिप्ता को उजागर कर रहा है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में भी उक्त ट्रांसपोर्टर के माध्यम से अन्य जिलों में चावल भेजने का काम रैक प्वाइंट के माध्यम से किया जा रहा है। इस तरह से गड़बड़ी सामने आने के बाद भी उक्त ट्रांसपोर्टर से परिवहन कराना समझ से परे रहा है।
इनका कहना है
कटनी से इंदौर, हरदा व नीमच भेजा गया चावल नहीं पहुंचने के मामले में परिवहनकर्ता को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिवस में जवाब मांगा गया है कि आखिर चावल क्यों नहीं पहुंचा। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
-रविकांत ठाकुर, प्रभारी जिला प्रबंधक
मप्र राज्य नागरिक आपूर्ति निगम 








