मुख्य ख़बरें

बारूद की गर्मी और सागौन की तस्करी का ‘काला खेल’ : पुलिस ने किया दो शिकारियों का शिकार, गैंग फरार

सागर, यशभारत |  वन मंडल सागर के खुरई वन परिक्षेत्र के ग्राम घोरट क्षेत्र के जंगल में वन विभाग की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान शिकार की बड़ी कोशिश को विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान वन अमले ने घेराबंदी कर बिना नंबर प्लेट की काली महिंद्रा XUV कार के साथ दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अंधेरे का लाभ उठाकर दो आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

खुरई रेंजर चंद्रभूषण सिंह ठाकुर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जरूवाखेड़ा वन विभाग की टीम नियमित रात्रि गश्त कर रही थी। रविवार, 22 नवंबर की तड़के लगभग 4:21 बजे बलोप ‘ब’ बीट के वनकक्ष क्रमांक PF-22 में संदिग्ध हलचल दिखाई दी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र की घेराबंदी की और बिना नंबर प्लेट वाली काली महिंद्रा XUV को रोककर उसकी जांच की।

जांच में वाहन से तीन जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे, एक धारदार चाकू, अवैध सागौन की लकड़ी और कार की आगे-पीछे की नंबर प्लेट जब्त की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवम लोधी (निवासी मालथौन) और सत्यम लोधी (निवासी सेमरा) के रूप में हुई है। वन विभाग ने दोनों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button