फायरिंग के बाद नेपाल में छिपने का था प्लान,लॉरेंस गैंग ने बनाया था सुरक्षित ठिकाना
- टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में खुलासा,

मुंबई, यशभारत। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के लिए नेपाल में सुरक्षित ठिकाने की व्यवस्था की थी। फायरिंग के बाद उन्हें नेपाल पहुंचाने और वहां से किसी दूसरे सुरक्षित स्थान पर भेजने की पूरी योजना बनाई गई थी।
जांचकर्ताओं के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी वारदात से पहले तीन से चार दिन नेपाल में रुके थे। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर बताया कि नेपाल में उन्हें फायरिंग के बाद भागने का रास्ता समझाया गया था। उन्हें निर्देश दिया गया था कि गोलीबारी के बाद उसी रास्ते से वापस नेपाल पहुंचना है। वहां गैंग के नेटवर्क से जुड़ा व्यक्ति उन्हें लेने वाला था।
हालांकि, वारदात के बाद आरोपी ऋतिक कुमार, फूल सिंह, नरेश और रेहान अंसारी उर्फ सुखा नेपाल पहुंचने के बजाय राजस्थान के कोटा की ओर भागे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अब मुंबई क्राइम ब्रांच नेपाल में बनाए गए कथित सुरक्षित ठिकाने और गैंग के स्थानीय संपर्कों की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के ठहरने और फरार होने की व्यवस्था में किन लोगों ने मदद की थी।







