अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम का विरोध, धक्का-मुक्की के आरोप, सड़क पर गिरी बुजुर्ग महिला

अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम का विरोध, धक्का-मुक्की के आरोप, सड़क पर गिरी बुजुर्ग महिला
भोपाल यश भारत। जानकारी के मुताबिक जवाहर चौक मुख्य मार्ग पर नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। सड़क किनारे से अवैध कब्जे और हाथ ठेले हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को स्थानीय लोगों और प्रभावित मजदूरों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान निगमकर्मियों पर धक्का-मुक्की और अभद्रता करने के आरोप लगाए गए। इसी बीच हुई खींचतान में एक बुजुर्ग महिला सड़क पर गिर गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम जवाहर चौक मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। टीम द्वारा सड़क किनारे लगे हाथ ठेलों और अन्य सामान को हटाने की कार्रवाई शुरू करते ही प्रभावित मजदूरों और महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर विवाद बढ़ गया। प्रभावित लोगों का आरोप है कि सामान हटाने के दौरान निगम कर्मचारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और अभद्र व्यवहार किया। इसी दौरान हुई आपाधापी और खींचतान के बीच एक बुजुर्ग महिला सड़क पर गिर पड़ी। महिला के गिरने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश बढ़ गया और निगम की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई और मौके पर कर्मचारियों के कथित व्यवहार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रभावित मजदूरों और महिलाओं ने कार्रवाई के तरीके पर नाराजगी जताई है।
अतिक्रमण हटाना नगर निगम की जिम्मेदारी है लेकिन कार्रवाई के दौरान आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और मानवीय संवेदनशीलता बनाए रखना भी जरूरी है। अब इस पूरे मामले में नगर निगम प्रशासन की ओर से क्या रुख अपनाया जाता है और लगाए गए आरोपों की जांच होती है या नहीं, इस पर लोगों की नजरें टिकी हैं।, फिलहाल हम इस खबर की पूर्णता पुष्टि नहीं कर सकते







