96 लाख की शराब पर बड़ा सवाल! पुलिस की कार्रवाई और आबकारी विभाग के दावे में विरोधाभास , जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से पूछा,शराब वैध थी या अवैध? दस्तावेज सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग

96 लाख की शराब पर बड़ा सवाल! पुलिस की कार्रवाई और आबकारी विभाग के दावे में विरोधाभास
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से पूछा,शराब वैध थी या अवैध? दस्तावेज सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग
भोपाल,यश भारत। राजधानी भोपाल के करोंद में करीब 96 लाख रुपये की शराब पकड़े जाने का मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले में पुलिस और आबकारी विभाग के अलग-अलग दावों पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि एक ही मामले में पुलिस शराब को अवैध बता रही है जबकि आबकारी विभाग के ऑनलाइन सिस्टम में उसकी वैधता दिखाई जा रही है। ऐसे में सरकार स्पष्ट करे कि आखिर सच क्या है
पटवारी ने सवाल उठाया कि यदि शराब वैध थी तो पुलिस ने उसे अवैध बताकर कार्रवाई क्यों की वहीं, यदि परिवहन और भंडारण के दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे, तो आबकारी विभाग के ऑनलाइन सिस्टम में उसकी वैधता कैसे दर्ज हुई? उन्होंने कहा कि करीब 96 लाख रुपये की शराब की इतनी बड़ी खेप भोपाल तक कैसे पहुंची और रास्ते में इसकी जांच किस स्तर पर हुई, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मामले में किसी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण की आशंका जताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों से जवाब लेने तथा जिम्मेदारी तय करने की अपील की।
पटवारी ने मांग की कि शराब से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और परिवहन, भंडारण सहित पूरे नेटवर्क की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि शराब वैध थी या अवैध और यदि अनियमितता हुई तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?







