फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पासपोर्ट बनवाने वाले तीन अफगानी कोलकाता से गिरफ्तार, जबलपुर लाए गए, दमोह पासपोर्ट कार्यालय से जारी हुए थे पासपोर्ट, जबलपुर के पते का किया था इस्तेमाल

जबलपुर, यशभारत। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाकर देश में रहने के मामले में मध्यप्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अफगानी नागरिकों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। तीनों को हिरासत में लेकर जबलपुर लाया गया, जहां गुरुवार को विक्टोरिया अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद एटीएस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगी, जिस पर अदालत ने पुलिस रिमांड मंजूर कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम खान (42), पिता शाह मोहम्मद, अब्दुल बारी (48), पिता अब्दुल करीम और अयूब खान (40), पिता दौस मोहम्मद के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से अफगानिस्तान के निवासी हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने जबलपुर के पते का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाए थे। खास बात यह है कि तीनों के पासपोर्ट दमोह स्थित पासपोर्ट कार्यालय से जारी किए गए थे। बाद में तीनों कोलकाता चले गए थे, जहां से एटीएस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
2025 में दर्ज हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार, एटीएस मध्यप्रदेश भोपाल को वर्ष 2025 में सूचना मिली थी कि कुछ अफगानी नागरिक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाकर देश में रह रहे हैं। इस सूचना पर एटीएस ने अपराध क्रमांक 11/25 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान अब तक सात अफगानी नागरिकों सहित पासपोर्ट बनवाने में मदद करने वाले तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तीन और अफगानी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया भी जांच के घेरे में
एटीएस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि अफगानी नागरिकों ने जबलपुर के पते से संबंधित फर्जी दस्तावेज कहां और किसकी मदद से तैयार कराए। दमोह पासपोर्ट कार्यालय से पासपोर्ट जारी होने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही और सत्यापन के दौरान किन स्तरों पर लापरवाही या मिलीभगत हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। एजेंसी भारतीय और अफगानिस्तान के दूतावासों से संपर्क कर आरोपियों की नागरिकता और दस्तावेजों का सत्यापन भी करा रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से भारत में प्रवेश, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और पासपोर्ट बनवाने में मदद करने वाले नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी।







