टीबी ने छीना रोजगार, तनाव में 45 वर्षीय चालक ने लगाई फांसी

टीबी ने छीना रोजगार, तनाव में 45 वर्षीय चालक ने लगाई फांसी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के आनंद नगर स्थित गुप्ता कॉलोनी में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान राजेश ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, राजेश लंबे समय से टीबी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और बीमारी के कारण कामकाज बंद होने से गहरे तनाव में थे। सूचना पर पहुंची पिपलानी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस व परिजनों के अनुसार, राजेश ठाकुर जयपुर में ड्राइवरी का काम करते थे, लेकिन टीबी से पीड़ित होने के बाद से वे काम पर नहीं जा पा रहे थे और घर पर ही रह रहे थे। बुधवार रात राजेश ने परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चले गए। गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो उन्हें फंदे पर लटका देख परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने आशंका जताई है कि बीमारी से परेशान होने और आजीविका का साधन रुकने से उपजे मानसिक तनाव के चलते राजेश ने यह कदम उठाया। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पिपलानी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है और मर्ग जांच के जरिए हर पहलू की पड़ताल कर रही है।







