अवैध शराब के खिलाफ आबकारी की दबिश जारी, नकली व जहरीले घोल से बचाव पर भी जोर

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी की दबिश जारी, नकली व जहरीले घोल से बचाव पर भी जोर
भोपाल, यशभारत। राजधानी में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। 17 नवंबर को जिले के अलग-अलग हिस्सों में की गई कार्रवाई में विभाग ने 1,51,500 रुपये कीमत की मदिरा व वाहन जब्त कर कुल चार प्रकरण दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय में अहम मानी जा रही है, जब प्रदेश में अवैध और असुरक्षित पदार्थों के सेवन से जुड़े मामलों को लेकर सतर्कता और जागरूकता की जरूरत और बढ़ गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सीमा कशीसिया की टीम ने रवीन्द्र भवन के पास खटलापुरा रोड पर सुजुकी एक्सेस वाहन से 9.0 बल्क लीटर देशी मदिरा का अवैध परिवहन पकड़ा। इस मामले में छोला दशहरा मैदान के पास रहने वाले शुभम सिंह ठाकुर और भैंसा खेड़ी, बैरागढ़ कलां निवासी महेंद्र जाटव के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त मदिरा और वाहन की अनुमानित कीमत 1,23,500 रुपये है।
वहीं, सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा की टीम ने अन्नानगर क्षेत्र में दबिश देकर तीन मामलों में 28,000 रुपये अनुमानित कीमत की मदिरा जब्त कर तीन प्रकरण दर्ज किए। इनमें 47 वर्षीय आरोपी से 2.7 बल्क लीटर देशी मदिरा, अन्नानगर निवासी संतोष मेढ़े पिता भरत मेढ़े से 7.2 लीटर देशी व 15 लीटर विदेशी मदिरा, और लहारपुर निवासी बाबूलाल मालवीय (43) पिता जमना प्रसाद से 7.2 बल्क लीटर देशी मदिरा शामिल है।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और मदिरापान पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध स्थलों पर सघन गश्त, निगरानी और दबिश लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों में असली और नकली शराब की पहचान को लेकर जागरूकता पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।







