1.59 लाख रुपये से अधिक का महुआ लाहन और शराब जब्त
1510 किलो महुआ लाहन व 55 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद; नौ प्रकरण दर्ज

1.59 लाख रुपये से अधिक का महुआ लाहन और शराब जब्त
1510 किलो महुआ लाहन व 55 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद; नौ प्रकरण दर्ज

कटनी,यशभारत। जिले में अवैध शराब निर्माण का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आबकारी विभाग की विजयराघवगढ़ और बड़वारा क्षेत्र में हुई कार्रवाई में आठ स्थानों पर अवैध शराब बनाने के ठिकाने सामने आए। टीम ने यहां से 1510 किलोग्राम महुआ लाहन और 55 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 59 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
विजयराघवगढ़ क्षेत्र के ग्राम बरहट, नरेड़ी, शांतिनगर और बारातीताल किनारे दबिश देकर 880 किलो महुआ लाहन और 35 लीटर शराब बरामद की गई। वहीं बड़वारा वृत्त में बरही थाना क्षेत्र के ग्राम उभरा, छिंदिया टोला, बरही और जाजगढ़ में कार्रवाई के दौरान 630 किलो महुआ लाहन और 20 लीटर हाथ भट्टी शराब मिली।
आबकारी अमले ने महुआ लाहन के नमूने सुरक्षित करने के बाद शेष सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी। दोनों क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कुल नौ प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई के बाद निगरानी पर सवाल
आठ अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां मिलना विभागीय निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है। आखिर इन ठिकानों पर कब से शराब बनाने का काम चल रहा था और स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी विभाग को क्यों नहीं मिली? महुआ लाहन नष्ट कर प्रकरण दर्ज करना कार्रवाई का एक हिस्सा है, लेकिन अवैध कारोबार पर स्थायी रोक के लिए इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान और नियमित निगरानी भी जरूरी है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी, प्रवीण रतन वरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, सीमा कोल सहित अन्य विभागीय अमला शामिल रहा।







