मध्य प्रदेश

झोपड़ी में जलता है ‘सोने’ का बल्ब?: तीन साल से एक ही कुर्ता पहन रहा हूं, 1.39 लाख का बिल कहां से भरूं…’ बिजली कंपनी की मनमानी से 75 वर्षीय बुजुर्ग हैरान

सागर, यशभारत l मध्य प्रदेश के सागर जिले में बिजली वितरण कंपनी की भारी लापरवाही और मनमानी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक तरफ जहां गरीब उपभोक्ताओं का मामूली बकाया होने पर ड्यू डेट (अंतिम तिथि) के तुरंत बाद बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ एक मजदूर की झोपड़ी में 1 लाख 39 हजार रुपए से अधिक का भारी-भरकम बिल थमा दिया गया है। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पहुंचे पीड़ितों ने बिजली कंपनी के उत्पीड़न की दास्तां कलेक्टर के सामने बयां की।

 बिना कनेक्शन और एक बल्ब वाले घर में भेजा 1.39 लाख का बिल

ग्राम बहेरिया सानी निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर दुलीचंद सौर मंगलवार को अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके झोपड़ीनुमा घर में पंखा या टीवी तो दूर की बात है, रोशनी के लिए केवल एक बल्ब जलता है। इसके बावजूद बिजली कंपनी के बहेरिया वितरण केंद्र द्वारा उनके नाम से 1,39,232 रुपए का भारी-भरकम बकाया बिल और नोटिस भेज दिया गया है।

दुलीचंद ने दर्द बयां करते हुए कहा, “मैं पिछले तीन साल से एक ही कुर्ता पहन रहा हूं, ऐसे में इतनी बड़ी रकम का बिल कहां से भरूंगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि अगस्त 2020 में बिना किसी वैध विद्युत कनेक्शन और उनकी सहमति के उनकी झोपड़ी में बंद मीटर लगा दिया गया था। इसके बाद से लगातार गलत बिल भेजे जा रहे हैं। कंपनी के कर्मचारी घर पहुंचकर बिल जमा करने का दबाव बनाते हैं और राशि न देने पर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं, जिससे बुजुर्ग काफी सहमा हुआ है।

 

 ड्यू डेट निकलते ही काटे जा रहे कनेक्शन, वसूले जा रहे अतिरिक्त चार्ज

 

बिजली कंपनी की तानाशाही सिर्फ दुलीचंद तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य उपभोक्ता भी इसका शिकार हो रहे हैं:काशीराम लारिया (लाजपतपुरा वार्ड) और मनोहर लाल नेमा (विवेकानंद वार्ड): दोनों का मात्र 1,500 रुपए का बिजली बिल बकाया था, जिसे कंपनी ने ड्यू डेट के ठीक अगले दिन ही काट दिया।

 

हरिशंकर नन्होरिया (मोहननगर वार्ड): इन्होंने अपना बकाया बिल समय पर जमा कर दिया था, लेकिन कंपनी की लापरवाही के चलते दो दिन बाद इनकी बिजली फिर से काट दी गई। बाद में कंपनी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए इसे एक साथ लाइट काटने की प्रक्रिया की गड़बड़ी बताया।

 

अनीता भटनागर (दयानंद वार्ड): इनका सितंबर का बिल मात्र 197 रुपए आया था, जिसे समय पर न भर पाने के कारण कनेक्शन काट दिया गया। तुरंत भुगतान करने के बावजूद री-कनेक्शन और काटने का चार्ज जोड़कर 370 रुपए की अतिरिक्त वसूली की गई। अनीता ने सहायक अभियंता सुभाष राय को आवेदन देकर इस अतिरिक्त शुल्क को वापस करने की मांग की है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली कंपनियों की यह कार्यप्रणाली किसी ठगी से कम नहीं है, जिससे आम जनता को मानसिक और आर्थिक दोनों तरह की प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button